भटनी /देवरिया टाइम्स
कुरमौटा घुरी के परिषदीय विद्यालय के प्रांगण में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया। मुख्य अतिथि एसआरजी शीला चतुर्वेदी तथा बीईओ विनोद कुमार त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं को उनके अधिकारों पर आधारित वीडियो क्लिप भी दिखाए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शीला चतुर्वेदी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा शिक्षित समाज का दायित्व है।


यह दुर्भाग्य है कि शिक्षा का स्तर बढ़ने के बाद भी महिलाओं व बेटियों को उनके अधिकारों के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। महिलाएं आज अपने परिवेश में ही खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सामाजिक कुरितियों को दूर करने के लिए भी सबसे पहली पहल महिलाओं को ही अपने घर से बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर करना होगा। बीईओ विनोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण अंचल की महिलाएं आज के परिवेश में स्वावलम्बन की दिशा में अग्रसर हैं। सरकार की योजनाओं के जरिए वह समूह बनाकर रोजगार सृजित कर रही हैं। इस दौरान विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली शिवांगी गुप्त, शिवांगी शर्मा तथा खुशी विश्कर्मा को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक हरिशंकर राय, ओम प्रकाश तिवारी, अर्चना शुक्ल, आशा सिंह, मंजू यादव आदि प्रमुख रुप से मौजूद रहीं।