देवरिया टाइम्स
देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। गुरुवार की रात को उसने सूरत में काम कर रहे अपने पति से फोन पर बात की और कमरे में जाकर फांसी लगा ली। रात को बच्चों के रोने की आवाज सुनकर जगे घर वालों ने जब उसे पंखे से लटकता देखा तो उनके होश उड़ गए। घर वालों ने उसे पंखे से उतारा तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस व मायके वालों को इसकी जानकारी दी। मृतका की मां उसके ससुराल वालों पर उसे मारने का आरोप लगा रही है।

कोतवाली क्षेत्र के सूर्यपुर टोला लालपुर भरटोली का रहने वाला सूरज गुजरात के सूरत में पेंटिंग का काम करता है। घर पर उसकी उसकी पत्नी सुनीता राजभर अपने दो बच्चों के साथ रहती है। सूरज की मां व भाई भी साथ रहते हैं। गुरुवार की रात को करीब 9 बजे सुनीता ने फोन पर अपने पति से बात की। उसके बाद वह अपने कमरे में चली गयी। रात में करीब 11 बजे बच्चों के रोने के आवाज सुनायी दी। इस पर सुनीता का देवर जगा और उसने आवाज दी, लेकिन अंदर से सुनीता ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसने घर वालों को जगाया और खिड़की से झांककर कमरे में देखा तो सुनीता साड़ी का फंदा लगाकर पंखे से लटक रही थी। घर वालों ने दरवाजा तोड़कर सुनीता को पंखे से उतारा तो उसकी मौत हो चुकी थी।

घर वालों ने इसकी सूचना मृतका के मायके उसकी मां उर्मिला को फोन पर दी। मृतका के मायके वाले रात को ही गौरीबाजार से चलकर उसकी ससुराल पहुंच गए। इसी बीच जानकारी पाकर बगल के गांव के रहने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामशंकर विद्यार्थी भी पहुंच गए। घर वालों ने पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां उसके ससुराल वालों पर सुनीता का मारने का आरोप लगा रही है। इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार चंदन ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।