देवरिया टाइम्स
सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि देश की 70 फीसद आबादी गांवों में रहती है। गांवों में विकास के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। देश के विकास का रास्ता गांवों से होकर जाता है। यदि गांव मजबूत और विकसित होंगे तो देश का विकास स्वत: होता जाएगा।

वह रविवार को परसिया मिसकारी गांव में गेट का शिलान्यास और सांसद निधि से हुए मिट्टी व खडंजा कार्य के लोकार्पण अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यदि गांव आत्मनिर्भर होते हैं तो पीएम नरेंद्र मोदी का आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा हो जाएगा। केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के विकास के लिए नए तरह से खाका खींच रही है।
लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान के उपाध्यक्ष नीरज शाही ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार विकास के कीर्तिमान स्थापित कर रही है। इससे विपक्षी दल घबरा गए हैं। जिसके कारण छल, प्रपंच का सहारा लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। देश व प्रदेश की जनता मोदी व योगी के विकास के साथ मजबूती से खड़ी है। इस दौरान ग्राम प्रधान पवन कुमार गुप्ता उर्फ पिटू जायसवाल, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष राजेश मिश्र, राधेश्याम शुक्ला, अंबिकेश पांडेय, शैलेंद्र सिंह टुन्नू, धनवंत शाही, गंगा शरण पांडेय, सुनील सिंह, अभय नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।